वाराणसी नगर निगम का बड़ा एक्शन, शहर के बाहर बसेंगी मीट-मछली मंडियां
वाराणसी :- नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी. सबसे बड़ा निर्णय शहर के भीतर संचालित मीट, मांस और मछली की दुकानों को नगर सीमा के बाहर स्थानांतरित करने का रहा. प्रथम चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को इसके लिए चिन्हित किया गया है.बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि भेलूपुर में प्रस्तावित काशी इंटरप्रिटेशन सेंटर और कम्युनिटी पार्क के निर्माण के दौरान जलकल के पुराने भवन को नहीं तोड़ा जाएगा. वहीं शिवपुर में लगभग 500 दुकानों वाली फुटकर फल मंडी विकसित करने की योजना को भी आगे बढ़ाया गया.सदन में तालाबों पर अवैध कब्जे, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, जल निकासी, गृहकर विस्तार, लंबित विकास कार्यों और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई. महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.बैठक की एक खास बात यह रही कि महापौर, नगर आयुक्त और कई पार्षद ‘नो फ्यूल डे’ के तहत ई-रिक्शा से टाउनहाल पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.




No comments