वाराणसी जंक्शन के सामने शुरू हुआ पुलिस सहायता केंद्र, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया उद्घाटन
वाराणसी :- शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी जंक्शन के सामने नवस्थापित पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नागरिकों, यात्रियों एवं व्यापारियों को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
वाराणसी जंक्शन के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस सहायता केंद्र की स्थापना की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
उद्घाटन के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करेंगे।
उद्घाटन के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बताया गया कि यह पुलिस सहायता केंद्र महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और यात्रियों के मार्गदर्शन जैसी सेवाओं को और अधिक सुलभ और प्रभावी बनाएगा। साथ ही अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के समाधान में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, प्रभारी निरीक्षक सिगरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान काशी व्यापार मंडल कैंट के अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय के नेतृत्व में व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों बल्कि क्षेत्र के लोगों को भी पुलिस सेवाओं का बेहतर और त्वरित लाभ मिल सकेगा।


No comments