• Breaking News

    बेकाबू थार बनी मुसीबत: सड़क हादसे में कई घायल, चालक हिरासत में


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी के औरंगाबाद रोड पर बीती रात तेज रफ्तार थार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर कई राहगीरों को घायल करते हुए एक दुकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आगे जाकर वाहन पलट गया। पुलिस ने चालक समेत साथियों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
    सिगरा क्षेत्र के औरंगाबाद रोड पर बीती रात तेज रफ्तार थार की लापरवाही ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। अनियंत्रित हुई थार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार से पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार में 18 से 20 वर्ष आयु के युवक सवार थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनमें कुछ युवकों के नाबालिग होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि वाहन तेज गति से औरंगाबाद रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय और बढ़ा दी।

    पुलिस ने युवकों को लिया हिरासत में

    इसके बाद बेकाबू थार सड़क पर दौड़ती हुई कई लोगों को टक्कर मारती चली गई। वाहन की गति इतनी अधिक थी कि रास्ते में एक दुकान के शटर और दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया।

    आगे जाकर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और थार पलट गई। हादसे के बाद वाहन के शीशे तथा अन्य हिस्से सड़क पर बिखर गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने वाहन को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक समेत उसके साथियों को हिरासत में लेकर सिगरा थाने भेज दिया। वहीं, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस वाहन चालक की पहचान, उसकी उम्र और ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad