• Breaking News

    वाराणसी में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप; घंटों चला राहत कार्य


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा कोनाद्वार इलाके में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर के सदस्य बाहर गए हुए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
    जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय शीतल प्रसाद के पुत्र मुरारी लाल साहू का परिवार दर्शन-पूजन के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान रात करीब 10:15 बजे मकान से अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई। धमाके के बाद मकान के पहले और तीसरे तल से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास के लोगों ने धुआं और आग देखकर तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।

    घटना की सूचना मिलने पर लल्लापुरा पुलिस चौकी प्रभारी शिवम मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। क्षेत्र की गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई, जिससे आग बुझाने का काम चुनौतीपूर्ण हो गया।

    प्रारंभिक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन देर रात करीब 12:10 बजे आग दोबारा भड़क उठी। इसके बाद एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और फिर से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

    इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के अनुसार, प्रथम तल के किचन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी, जिसकी चपेट में आकर गैस सिलेंडर फट गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।

    इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad