वाराणसी में साइबर अपराधियों पर बड़ा प्रहार, ‘ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक’ के तहत छह खाताधारकों पर केस
वाराणसी :- साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। साइबर क्राइम सेल और विभिन्न थाना साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों की जांच करते हुए छह म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि ठगी से जुड़े पांच बैंक खातों को चिह्नित कर उन पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी गोमती नीतू कादयान और एसीपी साइबर अपराध विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर निर्दोष लोगों के बैंक खातों का उपयोग ठगी की रकम के लेन-देन के लिए करते हैं। ऐसे खातों की पहचान कर उनके संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम सेल तथा सिगरा, भेलूपुर, चेतगंज और चोलापुर थाना क्षेत्र की साइबर टीमों द्वारा संयुक्त जांच में कई संदिग्ध बैंक खातों का पता चला। जांच के दौरान छह खाताधारकों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार, इन खातों के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर कुल 51 शिकायतें दर्ज हैं। जांच के दौरान इन खातों से जुड़े लगभग 2.42 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि को होल्ड कराया गया है, ताकि पीड़ितों के हितों की रक्षा की जा सके और धनराशि के प्रवाह की विस्तृत जांच की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक के तहत साइबर ठगी के नेटवर्क, फर्जी खातों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे खातों और साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


No comments