दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज: चार भवनों पर चला बुलडोजर, ड्रोन से रखी गई नजर
वाराणसी में बहुप्रतीक्षित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार को प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए चार भवनों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की टीम ने सुबह से अभियान शुरू किया, जिसमें जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता से निर्माणों को हटाया गया।कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की गई। मोहर्रम के मद्देनजर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रहे।एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया।दालमंडी क्षेत्र में चल रहे इस अभियान के कारण दिनभर बाजार में आवाजाही प्रभावित रही और स्थानीय लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है।



No comments