वाराणसी-चंदौली का सवा लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हत्या-लूट समेत दर्जनों संगीन वारदातों में था वांछित
वाराणसी :- पूर्वांचल में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का निवासी लल्लन सिंह वाराणसी, चंदौली समेत कई जिलों में हत्या, लूट, डकैती और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसी गंभीर वारदातों का आरोपी था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जिले के सरसावा-नकुर रोड पर देर रात पुलिस को लल्लन सिंह की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख लल्लन ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी सरसावा और बाद में जिला अस्पताल सहारनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक लल्लन सिंह का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है। वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई सनसनीखेज घटनाओं को अंजाम दे चुका था। उसके खिलाफ सात लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, सरकारी हथियार लूटने और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे गंभीर मामले दर्ज थे। मृतकों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल रहे हैं।
पूर्वांचल में उसकी सबसे चर्चित वारदातों में 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्टल लूट लेना तथा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में गोलीबारी कर लूट की घटना को अंजाम देना शामिल है। इन घटनाओं के बाद से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लल्लन सिंह लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसकी गतिविधियों से पूर्वांचल सहित कई इलाकों में दहशत का माहौल था। ऐसे में मुठभेड़ में उसके मारे जाने को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के बाद ही उसके गैंग और अन्य अपराधों से जुड़े कई और राज खुलने की संभावना है।



No comments