• Breaking News

    एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी राहुल यादव का वाराणसी में जोरदार अभिनंदन, ढोल-नगाड़ों के साथ निकला स्वागत जुलूस

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- जापान में आयोजित अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले वाराणसी के होनहार खिलाड़ी राहुल यादव का रविवार को शहर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। रेलवे स्टेशन पर उनके पहुंचते ही खेल प्रेमियों, परिजनों, मित्रों और हॉकी से जुड़े पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।
    स्वागत कार्यक्रम में हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह, सचिव के.बी. रावत सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। राहुल के सम्मान में वाहनों का एक विशाल काफिला निकाला गया, जिसकी शुरुआत बीएचयू गेट स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।
    इसके बाद स्वागत यात्रा बीएचयू गेट, ट्रामा सेंटर, छित्तूपुर होते हुए सीर गोवर्धनपुर तक पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने राहुल का स्वागत कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। पूरे रास्ते "भारत माता की जय" और "राहुल यादव जिंदाबाद" के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
    हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि राहुल यादव के सम्मान में मंगलवार को एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें खेल संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी और खिलाड़ी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल की उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।

    साधारण परिवार से आने वाले राहुल यादव के पिता सुभाष यादव साड़ी उद्योग से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राहुल ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर वाराणसी और देश का गौरव बढ़ाया है।
    राहुल की इस उपलब्धि से पूरे शहर में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad