• Breaking News

    शादी के वादे से मुकरा प्रेमी, प्रेमिका ने थाने में लगाई गुहार; मिर्जामुराद थाने में घंटों चला हंगामा

    वाराणसी (मिर्जामुराद) :-
    तय तारीख पर शादी के लिए युवक के नहीं पहुंचने से नाराज युवती अपने परिजनों के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंच गई। युवती ने युवक पर शादी का भरोसा दिलाकर संबंध बनाने और बाद में वादा तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के चौरी थाना क्षेत्र निवासी युवक और मिर्जामुराद क्षेत्र की एक युवती के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों एक ही समाज से जुड़े होने के साथ दूर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले दोनों परिवारों के बीच हुई बातचीत में विवाह कराने पर सहमति बनी थी।

    परिजनों के मुताबिक रविवार को मोहनसराय स्थित ढांगडवीर हनुमान मंदिर में दोनों की शादी तय की गई थी। निर्धारित समय पर युवती अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंच गई, लेकिन युवक वहां नहीं आया। काफी इंतजार के बाद जब उससे संपर्क नहीं हो सका तो युवती और उसके परिजन सीधे थाने पहुंच गए।
    युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने लंबे समय तक शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन विवाह की बारी आने पर पीछे हट गया। वहीं परिजनों ने भी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की।

    घटना की सूचना मिलते ही थाने में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    मिर्जामुराद पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad