व्यापारिक परेशानियों से जूझ रहे विकास ने उठाया खौफनाक कदम, परिवार में मचा मातम
वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लोहटिया इलाके में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। लोहे की चादर के कारोबारी विकास आनंद (34) ने अपनी दुकान के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, पियरी निवासी विकास आनंद की लोहटिया क्षेत्र में बड़ा गणेश मंदिर के सामने स्थित गली में लोहे की चादरों की दुकान थी। उनके पिता जनार्दन स्वरूप आनंद ने बताया कि बीते कुछ समय से विकास व्यापारिक लेनदेन और आर्थिक दबाव को लेकर काफी परेशान चल रहे थे। रविवार सुबह भी वह रोजाना की तरह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन काफी समय तक घर वापस नहीं लौटे।दोपहर में जब परिजन उनकी तलाश करते हुए दुकान पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। विकास दुकान के अंदर फंदे से लटके हुए मिले। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर उन्हें नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
बताया जा रहा है कि विकास अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम का माहौल है, जबकि क्षेत्र में भी घटना के बाद शोक व्याप्त है।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में व्यापारिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।



No comments