पॉक्सो केस में वांछित आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
वाराणसी :- नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चौबेपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 7 मई 2026 को पीड़िता की ओर से चौबेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौबेपुर थाना क्षेत्र के सुंडूपुर अंडरपास के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमित यादव (22) पुत्र रजनी यादव निवासी करनईपुर सेमरा, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर को शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल गुलशन कुमार और मिथिलेश कुमार शामिल रहे।

No comments