• Breaking News

    शिव भक्तों के लिए खास रहेगा सावन 2026, 23 साल बाद बन रहा अनोखा संयोग

    सावन 2026 इस बार शिव भक्तों के लिए कई खास ज्योतिषीय संयोग लेकर आ रहा है। काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी के अनुसार, सावन के चार सोमवारों में से दो सोमवार अत्यंत विशेष माने जा रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण संयोग सावन के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को बनेगा, जब नागपंचमी और सोमवार एक ही दिन पड़ रहे हैं।

    सामान्य तौर पर नागपंचमी की तिथि सावन सोमवार से अलग पड़ती है, लेकिन इस बार दोनों का एक साथ होना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ऐसा संयोग करीब 23 वर्षों बाद बन रहा है। मान्यता है कि इस दिन सुबह भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित करने से राहु-केतु संबंधी दोषों के प्रभाव में कमी आती है और विशेष शुभ फल प्राप्त होते हैं।

    ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार इसी दिन सिंह संक्रांति का भी योग बन रहा है। सूर्य के एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश को संक्रांति कहा जाता है। श्रावण माह में सोमवार के दिन सूर्य का सिंह राशि में प्रवेश होने पर प्राचीन ग्रंथों में इसे ‘छत्र भंग योग’ बताया गया है, जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से बड़े परिवर्तन या सत्ता परिवर्तन का संकेत माना जाता है।

    हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इसका एक सकारात्मक प्रभाव भी हो सकता है। सोमवार चंद्रमा से संबंधित दिन माना जाता है, जो मन, शांति, संतोष और जनसामान्य का कारक है। ऐसे में यह संयोग लोगों के जीवन में मानसिक संतुलन, सामाजिक सामंजस्य और स्थिरता बढ़ाने वाला भी माना जा रहा है।

    रक्षाबंधन पर नहीं रहेगा भद्रा का प्रभाव

    इस वर्ष रक्षाबंधन भी शुभ संयोग में मनाया जाएगा। 28 अगस्त 2026 को पूर्णिमा तिथि पर रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा और इस दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। करीब पांच साल बाद ऐसा अवसर आया है, जब बहनों को राखी बांधने के लिए भद्रा काल की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

    सावन पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार उदय तिथि के आधार पर त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में राखी बांधने के लिए सुबह 05:57 बजे से 09:48 बजे तक का समय सबसे शुभ और प्रमुख मुहूर्त माना गया है। इस अवधि में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर शुभ समय में राखी बांध सकेंगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad