• Breaking News

    वाराणसी : वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में चौक पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

    • मोहम्मद रिजवा
    वाराणसी :- चौक थाना पुलिस ने वक्फ संपत्ति पर कथित रूप से फर्जीवाड़ा कर कब्जा करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वक्फ संख्या-294 से संबंधित मस्जिद निसारन खां की संपत्ति पर नामांतरण के माध्यम से कब्जा करने का प्रयास किया था।

    पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 18 जून 2026 को प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शेख सलीम फाटक, चेतगंज निवासी मोहम्मद आजम को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

    जांच में सामने आया है कि आरोपी ने काजीपुरा कलां स्थित आराजी संख्या 73 एवं 59, मौजा शहर खास के मकान संख्या डी-50/211 तथा डी-50/61, 61ए से जुड़े दस्तावेजों में नामांतरण कर संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की थी। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की।
    गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पुष्कर दुबे, उपनिरीक्षक प्रणव पाण्डेय, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, कांस्टेबल पारूल कुमार, राहुल यादव तथा सूरज राय शामिल रहे।

    पुलिस का कहना है कि वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर प्रशासन गंभीर है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे या फर्जीवाड़े के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad