अपहरण और गुमशुदगी मामलों की समीक्षा, डीसीपी गोमती जोन ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी :- पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्रीमती नीतू कादयान ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय बाबतपुर में गोमती जोन के अंतर्गत दर्ज अपहरण एवं गुमशुदगी संबंधी मामलों की समीक्षा बैठक कर जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में लंबित अपहरण के मुकदमों एवं गुमशुदगी के मामलों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।समीक्षा के दौरान डीसीपी ने सभी विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी प्राप्त की और अपहृत एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश देकर तलाश अभियान चलाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से उन जटिल मामलों पर ध्यान देने को कहा, जिनमें अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे मामलों में परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और अन्य परिचितों से नियमित संपर्क बनाए रखते हुए विस्तृत जानकारी जुटाने तथा प्राप्त प्रत्येक सूचना का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीसीपी नीतू कादयान ने जांच अधिकारियों को परिजनों के साथ सतत संवाद बनाए रखने, उनकी ओर से प्राप्त सूचनाओं को जांच में शामिल करने और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बरामदगी के लिए किए जा रहे प्रयासों एवं मामलों की प्रगति का दैनिक विवरण उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपहरण एवं गुमशुदगी के सभी मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए संवेदनशीलता, गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा सके।



No comments