मुहर्रम को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, एडीशनल सीपी शिवहरी मीणा ने किया संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण
वाराणसी :- आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अपर पुलिस आयुक्त ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ लकड़मंडी, जैतपुरा, दोषीपुरा, सिटी स्टेशन, गोलगड्डा और कजाकपुरा समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान ताजिया जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थल, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज और पुलिस पिकेट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर जनसंपर्क बनाए रखें और अफवाह फैलाने वाले तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखें। स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिए गए प्रमुख निर्देश
- ताजिया एवं जुलूस केवल निर्धारित मार्ग और समय पर ही निकाले जाएं।
- बिना अनुमति नए जुलूस अथवा मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।
- संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
- जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन कर बिजली के तार, सड़क संबंधी बाधाएं और अन्य अवरोध हटाए जाएं।
- महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से की जाए।
- सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी, सांप्रदायिक भाषण या विवादित प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए।
- जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार और खतरनाक वस्तुओं के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
- यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन प्लान लागू किया जाए।
- आपातकालीन सेवाओं, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए जाएं।
पुलिस की अपील
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाएं। किसी भी अफवाह या भ्रामक सोशल मीडिया संदेश पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 को दें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे।





No comments