• Breaking News

    काशी पहुंचे अनंत अंबानी, बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा, सप्तऋषि आरती में हुए शामिल

    • मोहम्मद रिजवान

    वाराणसी :- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी मंगलवार शाम काशी पहुंचे, जहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उनके आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं।

    शाम करीब 7:24 बजे अनंत अंबानी मंदिर के गेट नंबर-4 से धाम परिसर में प्रवेश किए। गर्भगृह में उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार बाबा विश्वनाथ का अभिषेक और पूजन किया। इस दौरान मंदिर के अर्चकों ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। अनंत अंबानी ने देश और समाज की खुशहाली तथा समृद्धि की कामना की।

    पूजन के उपरांत वे बाबा विश्वनाथ की प्रसिद्ध सप्तऋषि आरती में भी शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक आरती का दर्शन किया। इसके बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    मां अन्नपूर्णा के दरबार में भी की पूजा-अर्चना

    काशी प्रवास के दौरान अनंत अंबानी ने श्री अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर मां भगवती का विशेष कुमकुम पूजन किया। 21 अर्चकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में उन्होंने श्रद्धा भाव से भाग लिया।

    पूजन के बाद उन्होंने मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज से भेंट कर मंदिर एवं संस्था द्वारा संचालित सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। महंत ने उन्हें आशीर्वाद स्वरूप माता की चुनरी, स्फटिक माला और स्मृति चिन्ह भेंट किया।

    करीब एक घंटे के प्रवास के बाद हुए रवाना

    दर्शन-पूजन और आरती में सहभागिता के बाद अनंत अंबानी रात लगभग 8:15 बजे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी मौजूदगी रही, हालांकि सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रही।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad