शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक्शन मोड में वाराणसी पुलिस, आयुक्त ने संभाली कमान
वाराणसी :- शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सोमवार को स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे और विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नीट (यूजी)-2026 प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस आयुक्त ने पीएमओ कार्यालय, मालवीय चौराहा, नरिया सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संभावित अव्यवस्था और हिंसक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए पुलिस बल को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैनात रहने तथा सुरक्षा इंतजामों को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली या धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।






No comments