• Breaking News

    वाराणसी में गंगा ने छीनी दो जिंदगियां: नहाने के दौरान भाई-बहन डूबे, तलाश के बाद मिले शव

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित कांवर गांव निवासी 18 वर्षीय शुभम निषाद और उसकी 10 वर्षीय बहन अनन्या के रूप में हुई है।

    जानकारी के अनुसार, कांवर गांव निवासी नन्दकिशोर निषाद लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। शुभम और अनन्या महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करते थे। दोनों भाई-बहन शनिवार को चौबेपुर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव स्थित अपनी बुआ विमला देवी के घर घूमने आए थे।
    बताया गया कि रविवार सुबह दोनों घर से निकलकर पास स्थित गंगा तट पर स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी होती, तब तक दोनों डूब चुके थे। सूचना मिलते ही बुआ और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते गंगा किनारे लोगों की भीड़ जुट गई।

    ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगाकर दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शुभम और अनन्या को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    उधर, हादसे की सूचना कांवर गांव पहुंची तो परिवार में मातम छा गया। दोनों के शव गांव लाए गए, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव पहुंचते ही पिता नन्दकिशोर निषाद, मां सुनीता देवी, छोटी बहन समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल बना रहा।

    चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजन दोनों शवों को लेकर अपने गांव चले गए। हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा दुख और संवेदना का माहौल है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad