'मुझे मेरा प्यार चाहिए'... अस्पताल से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंची युवती
वाराणसी :- महाराष्ट्र की एक युवती और सारनाथ के युवक के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्रेम संबंध अब विवाद का रूप ले चुका है। युवक द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद युवती ने पुलिस से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पालघर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती का करीब दो वर्ष पहले सारनाथ निवासी एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय हुआ था। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, जिसके भरोसे वह कुछ समय पहले वाराणसी आई थी।बताया जा रहा है कि युवती करीब 25 दिन पहले सारनाथ पहुंची और कुछ दिनों तक युवक के घर पर रही। हालांकि, युवक के परिजनों ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई, जिसके बाद युवती वापस अपने घर लौट गई। युवती का कहना है कि वहां भी उसे परिवार का साथ नहीं मिला।
इसके बाद वह दोबारा वाराणसी पहुंची और युवक से शादी करने की बात कही, लेकिन इस बार भी युवक और उसके परिवार ने उसे स्वीकार करने से मना कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने कथित रूप से कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवती सीधे सारनाथ थाने पहुंची और पुलिस से अपनी शादी कराने की मांग की। उसने कहा कि उसे न्याय चाहिए और वह अपनी बात कानूनी तरीके से रखना चाहती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक को थाने बुलाया और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोनों पक्षों को आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की सलाह दी गई है। यदि युवती की ओर से कोई लिखित शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।


No comments