तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा मानसून, यूपी में जल्द होगी बारिश की शुरुआत
वाराणसी :- धीमी चाल से आगे बढ़ रहा मानसून अब तेजी पकड़ता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार मानसून ने पूर्वोत्तर भारत में प्रवेश कर लिया है और बंगाल की खाड़ी में भी इसकी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अब मानसून अपने सामान्य मार्ग और समय-सीमा के करीब पहुंच चुका है।
बीते कुछ दिनों तक मानसून की गति धीमी रहने से उत्तर प्रदेश में इसके प्रवेश को लेकर संशय बना हुआ था। शुरुआत में दक्षिणी हिस्से से ललितपुर मार्ग के जरिए यूपी में मानसून आने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी में अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद इसकी दिशा और गति दोनों में तेजी देखी गई है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो मानसून 18 से 20 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही पूर्वांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। बीती रात हुई बारिश को स्थानीय गर्मी और प्री-मानसूनी गतिविधियों का असर माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय होने के बाद मानसून उड़ीसा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है और अगले दो सप्ताह के भीतर पूर्वांचल तक पहुंच सकता है। मानसून के आगमन के साथ सोनभद्र और विंध्य क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और प्राकृतिक झरनों का सौंदर्य भी देखने लायक होगा।
शनिवार को मौसम विभाग की ओर से जारी चार्ट में भी संकेत मिले हैं कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ की मौजूदा मौसम स्थितियां अभी भी इसके रास्ते में प्रभाव डाल सकती हैं, लेकिन अचानक बढ़ी रफ्तार को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश में मानसून तय समय पर दस्तक देगा।


No comments