• Breaking News

    बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात समेत डीवीआर भी ले उड़े बदमाश


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए।
    मिली जानकारी के अनुसार गणेशपुर स्थित नवसाधना स्कूल के पास रहने वाले व्यवसायी कुमार विनोद अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका पुत्र नौकरी के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है। बीते एक जून को वह अपनी पत्नी के साथ बिहार के सासाराम स्थित पैतृक गांव में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था और मकान बंद था।
    पीड़ित ने बताया कि दो जून की रात लगभग 10 बजे तक उन्होंने मोबाइल के जरिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी थी और उस समय सब कुछ सामान्य था। हालांकि अगले दिन कैमरे बंद दिखाई दिए। चार जून की शाम पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है।

    सूचना मिलने पर वह तुरंत वाराणसी पहुंचे। रात करीब 10 बजे घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच के दौरान पता चला कि करीब 1.90 लाख रुपये नकद, लाखों रुपये के कीमती आभूषण और सीसीटीवी डीवीआर गायब हैं।

    घटना की जानकारी मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को एसओजी टीम के साथ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

    फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार चोरों ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad