शादी का दबाव बनाने के लिए छात्रा का निजी वीडियो किया वायरल, फेक फेसबुक आईडी बनाकर दी जान से मारने की धमकी; केस दर्ज
वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र की एक बीए छात्रा ने बिहार निवासी युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा का कहना है कि युवक ने शादी के लिए दबाव बनाने की नीयत से उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इतना ही नहीं, फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी तस्वीरें साझा कीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र निवासी राजकरन काफी समय से उसे सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान कर रहा था। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लगातार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजता था। इससे परेशान होकर छात्रा ने उसे ब्लॉक कर दिया।
आरोप है कि ब्लॉक किए जाने के बाद युवक ने अलग-अलग नामों से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर छात्रा के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने शुरू कर दिए। इस बात की जानकारी छात्रा को अन्य लोगों के माध्यम से हुई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर भी निजी तस्वीरें और वीडियो भेज रहा है, जिससे परिवार मानसिक तनाव का सामना कर रहा है। छात्रा का कहना है कि आरोपी उससे शादी करने का दबाव बना रहा है और इंकार करने पर वीडियो को और अधिक लोगों तक पहुंचाने की धमकी दे रहा है।
छात्रा ने बताया कि वह आरोपी को पहले से जानती थी, लेकिन वर्तमान में दोनों के बीच कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद युवक लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है और बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौबेपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है तथा संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।


No comments