वाराणसी कैंट स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: मालगाड़ी की छत पर चढ़ा युवक, बचाव में जुटे कांस्टेबल को दिया धक्का
वाराणसी :- कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक कोयले से लदी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। रेलवे ट्रैक के ऊपर हाई-वोल्टेज बिजली लाइन होने के बावजूद युवक मालगाड़ी की छत पर खड़ा होकर बार-बार सैल्यूट कर रहा था, जिससे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 के बीच लाइन नंबर 7 पर खड़ी मालगाड़ी पर करीब 26 वर्षीय युवक अर्धनग्न अवस्था में चढ़ गया। वह नीचे मौजूद लोगों की ओर देखकर सैल्यूट कर रहा था और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अपनी हरकतें जारी रखे रहा।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी प्रभारी राजोल नागर और आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान एक कांस्टेबल मालगाड़ी पर चढ़कर युवक तक पहुंचने की कोशिश करने लगे।बताया जाता है कि पुलिसकर्मी को अपने करीब आता देख युवक ने पहले "जय हिंद" का नारा लगाया और फिर अचानक उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से कांस्टेबल नीचे गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
काफी मशक्कत के बाद संयुक्त टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। प्रारंभिक जांच में युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई। पुलिस उसे अपने संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
जीआरपी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि घायल कांस्टेबल का उपचार कराया जा रहा है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



No comments