विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई सफल, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया अधिकारी
वाराणसी :- भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) वाराणसी की टीम ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (DIC), लहरतारा में तैनात सहायक प्रबंधक श्रीपाल को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अमितेश चौरसिया ने सिल्क उत्पाद कारोबार के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से 11 लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए आवश्यक एनओसी जारी करने का मामला उद्योग विभाग में लंबित था। आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में सहायक प्रबंधक श्रीपाल द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार अधिकारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाना वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401222 पर दी जा सकती है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई प्रशासन की "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत की गई है।


No comments