• Breaking News

    वाराणसी: पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, मंत्री ए.के. शर्मा बोले- पात्र लाभार्थियों का ऋण आवेदन बेवजह न हो निरस्त

    वाराणसी :-
    प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने योजना के लाभार्थियों को जल्द से जल्द लाभ पहुंचाने और प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए।
    बैठक में मंत्री ने बैंकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजना के तहत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पूरी तरह सरल और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋण के लिए न्यूनतम आवश्यक दस्तावेज ही लिए जाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र आवेदकों के ऋण स्वीकृत किए जाएं। साथ ही बिना किसी उचित कारण पात्र लाभार्थियों के आवेदन निरस्त न किए जाएं।
    बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंदर सिंह ने योजना की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके अलावा वाराणसी में कार्यरत वेंडरों से भी योजना के संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली गई। मंत्री ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

    ए.के. शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में तेजी लाई जाए और पहले से लगाए गए मीटरों का कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    बैठक के दौरान मंत्री ने यूपीनेडा द्वारा अप्रैल और मई माह में सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों को दिया तथा सभी को बधाई दी।

    उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पीएम सूर्य घर योजना में देश में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए सभी विभागों और संस्थाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक सौर ऊर्जा का लाभ पहुंच सके और प्रदेश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सके।

    इस अवसर पर मंत्री ने "सोलर दीदी" को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए तथा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

    बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, यूपीनेडा के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad