• Breaking News

    वाराणसी एयरपोर्ट पर CISF का मेगा सिक्योरिटी ड्रिल, हर चुनौती से निपटने की तैयारी

    वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को सायंकाल सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों का आकलन करने के लिए एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्य टर्मिनल भवन के बाहर पूर्वी क्षेत्र में संदिग्धों की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।
    सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेरेबंदी की। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत, सबसे पहले टर्मिनल के बाहर शौचालय के पास मौजूद यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए 'आतंकियों' की भूमिका निभा रहे तीन संदिग्धों को 'निष्प्रभावी' करने का अभ्यास किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

    अभ्यास के बाद, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तत्काल मौके पर पहुंचे और गहन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करते हुए, संदिग्धों के बैग को रस्सी के सहारे हुक से खींचकर दूर ले जाया गया और उसकी भी बारीकी से जांच की गई।

    यह सुरक्षा अभ्यास सोमवार शाम 5:45 बजे शुरू हुआ और 6 बजे संपन्न हो गया। महज 15 मिनट के भीतर ही जवानों ने खतरे को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकाल के दौरान सुरक्षा बलों के रिस्पॉन्स टाइम का आकलन करना और विभिन्न सुरक्षा विंग्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल खतरे को निष्क्रिय करना था।
    इस सफल अभ्यास के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया। ड्रिल के दौरान हवाई अड्डे पर यात्रियों के आवागमन या विमानों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad