• Breaking News

    वाराणसी में CM योगी ने पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं की समीक्षा की, सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

    वाराणसी :-
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने मंडल में संचालित सड़क एवं अन्य निर्माण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को युद्धस्तर पर तेजी के साथ गुणवत्ता एवं समयबद्धता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभियंता निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने विशेष रूप से बरसात से पूर्व पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
    बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार वाराणसी परिक्षेत्र में वर्तमान में 7,175 करोड़ रुपये की 2,630 परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें से 687 परियोजनाएं शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 542 परियोजनाओं का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं अकेले वाराणसी जिले में 3,223 करोड़ रुपये की 421 परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें 85 कार्य पूर्ण तथा 158 कार्य 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं।

    मुख्यमंत्री ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं की योजना बनाते समय धनराशि की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया समानांतर रूप से पूरी की जाए ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें कर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत प्रस्तावित है, उनका पहले विस्तृत सर्वे कराया जाए। नगर निगम को नगरीय क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को भी प्राथमिकता से शामिल करने को कहा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएं ताकि समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी हो सकें और जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 18 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण कार्य पूरा कराने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने वाराणसी में प्रस्तावित यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

    इस अवसर पर प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से वाराणसी परिक्षेत्र में विभाग द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत विवरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

    बैठक में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विधायक एवं पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad