• Breaking News

    नाजिया इलाही खान के बयान पर वाराणसी में शिया महिलाओं का विरोध, कार्रवाई की मांग

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही खान के हालिया बयान को लेकर वाराणसी में शिया समुदाय की महिलाओं और युवतियों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने अपने-अपने घरों में तख्तियां लेकर नाजिया इलाही खान के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश सरकार से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
    प्रदर्शन में शामिल तनवीर फातिमा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे के दौरान शिया महिलाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप है कि नाजिया इलाही खान द्वारा मोहर्रम के जुलूसों को लेकर दिए गए बयान से समाज में गलत संदेश जा रहा है और इससे आपसी सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

    तनवीर फातिमा ने कहा कि मोहर्रम शिया मुसलमानों के लिए गम, शहादत और अकीदत का पर्व है, जिसे वर्षों से धार्मिक परंपराओं के अनुसार मनाया जाता रहा है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि सामाजिक सौहार्द और शांति बनी रहे।
    दरअसल, भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नाजिया इलाही खान ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मोहर्रम के जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक आयोजनों में तलवार, चेन अथवा अन्य हथियारों का प्रदर्शन कानून व्यवस्था के लिए उचित नहीं है और इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने मोहर्रम के नाम पर होने वाली किसी भी कथित आपराधिक गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई थी।

    नाजिया इलाही खान इससे पहले सार्वजनिक स्थलों पर नमाज को लेकर चल रही बहस में भी अपने विचार रख चुकी हैं और इस्लाम से जुड़ी विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक प्रथाओं पर मुखर राय व्यक्त करने के लिए जानी जाती हैं।

    फिलहाल, शिया समुदाय की ओर से लगाए गए आरोपों और विरोध प्रदर्शन पर नाजिया इलाही खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad