• Breaking News

    सिंहद्वार पर बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन का आरोप, डॉ. पल्लवी पटेल और समर्थकों के खिलाफ FIR

    वाराणसी :-
    अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पल्लवी पटेल और उनके सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने बीएचयू सिंहद्वार स्थित मालवीय चौराहे के पास प्रशासनिक अनुमति के बिना धरना-प्रदर्शन किया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

    पुलिस के अनुसार, डॉ. पल्लवी पटेल ने अपने समर्थकों के साथ विभिन्न मुद्दों, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मामला भी शामिल है, को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुट गए, जिसके चलते आवागमन बाधित हुआ और बीएचयू अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों एवं तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
    लंका थाना पुलिस ने बताया कि शहर में लागू निषेधाज्ञा के बावजूद बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। बीएचयू पुलिस चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर डॉ. पल्लवी पटेल सहित कई नामजद और बड़ी संख्या में अज्ञात समर्थकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

    प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों को बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad