IGRS शिकायतों पर डीएम का सख्त रुख: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
वाराणसी :- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और उनकी मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं, जिनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल शासन के निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान में भी बाधा उत्पन्न करती है।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन को निर्देशित किया कि असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त करने वाले अधिकारियों को चिन्हित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना शिकायतकर्ता से संपर्क किए किसी भी प्रकरण में आख्या अपलोड न की जाए और शिकायतकर्ता को असंतुष्ट या नकारात्मक फीडबैक देने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना उचित संपर्क और सत्यापन के रिपोर्ट अपलोड की गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कर विभागीय कार्रवाई हेतु प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिछले तीन माह के भीतर असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों में शिकायतकर्ताओं से दोबारा फोन पर संपर्क किया जाए तथा आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और नियमसम्मत निस्तारण प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments