• Breaking News

    UP Police Constable भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी प्रशासन अलर्ट, पुलिस कमिश्नर व डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

    वाराणसी :-
    आगामी 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत ब्रीफिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बैठक में परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अभ्यर्थियों की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

    महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की जांच अलग-अलग कराने का निर्णय लिया गया है। महिला परीक्षार्थियों की चेकिंग महिला पुलिस कर्मियों द्वारा निर्धारित इनक्लोजर में कराई जाएगी।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में केवल वैध प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं निर्धारित पेन के साथ ही प्रवेश मिलेगा। इसके अतिरिक्त मोबाइल फोन, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, कैलकुलेटर, वॉलेट, ज्वेलरी तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

    बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराई जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र, आधार कार्ड एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने के निर्देश दिए गए।

    प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा नकल माफियाओं एवं परीक्षा में अनियमितता फैलाने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

    इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad