• Breaking News

    वाराणसी में ₹10 हजार के लेनदेन का विवाद बना खूनी संघर्ष, कार से कुचलने का आरोप; तीन गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार

    वाराणसी :- शहर के जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित पहड़िया मंडी में ₹10 हजार के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के बाद एक युवक पर कार से तीन लोगों को कुचलने का आरोप है। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
    पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 11 बजे पहड़िया मंडी स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने चंदौली निवासी विशाल सिंह और गोलू चौधरी के बीच ₹10 हजार के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गोलू चौधरी, अनीश गौतम और उनके साथियों ने विशाल सिंह के छोटे भाई विवेक सिंह के साथ मारपीट की।

    मारपीट के बाद नाराज विशाल सिंह ने कथित तौर पर अपनी कार तेज रफ्तार से मौके पर दौड़ा दी। आरोप है कि उसने जानबूझकर कार को विशाल पटेल की ओर मोड़ा और टक्कर मार दी। इस दौरान दिलीप सोनकर और हरिवंश मिश्रा भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से एक से अधिक बार टक्कर मारने का प्रयास किया गया।

    घटना के समय मौके पर पुलिस का फैंटम दस्ता भी मौजूद था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विशाल पटेल को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

    पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फुटेज और घायल दिलीप सोनकर की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी विशाल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad