वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया बने प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर, नवीन अरोड़ा संभालेंगे वाराणसी जोन की कमान
वाराणसी :- उत्तर प्रदेश शासन ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान में लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) के पद पर तैनात नवीन अरोड़ा को वाराणसी जोन का नया एडीजी बनाया गया है।
पीयूष मोर्डिया ने 13 फरवरी 2024 को वाराणसी जोन के एडीजी का कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूर्वांचल के नौ जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिसिंग में कई नवाचार किए। फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिकायतकर्ता और संबंधित थाना प्रभारी को आमने-सामने जोड़ने की व्यवस्था शुरू की, जिसे बाद में कई जिलों के पुलिस कप्तानों ने भी अपनाया।
उनके कार्यकाल में बलिया में तस्करी और उसमें पुलिस की भूमिका से जुड़े मामले का खुलासा भी काफी चर्चा में रहा। इससे पहले मीरजापुर में तैनाती के दौरान उन्होंने चर्चित कारतूस घोटाले का भी पर्दाफाश किया था। उनकी कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग की प्रदेशभर में सराहना हुई।
वहीं, वाराणसी जोन की कमान संभालने जा रहे 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी नवीन अरोड़ा मूल रूप से मध्य प्रदेश के बिलासपुर के निवासी हैं। पूर्वांचल से उनका पुराना नाता रहा है। वे वर्ष 2002 में सोनभद्र, 2004 में बलिया और 2007 में आजमगढ़ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश के 13 जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वर्ष 2013 में उन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति मिली। वे गोरखपुर रेंज के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। एंथ्रोपोलॉजी विषय में एमएससी की डिग्री रखने वाले नवीन अरोड़ा अब तक लखनऊ में एडीजी तकनीकी सेवाएं के पद पर कार्यरत थे।
शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, इन दोनों अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। प्रदेश में इसके अलावा भी कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

No comments