वाराणसी: प्रेमिका से शादी की जिद में बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, खुद 112 पर कॉल कर बोला- "शादी करवा दीजिए"
वाराणसी :- बड़ागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जब प्रेमिका से विवाह न होने से नाराज एक युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। हैरानी की बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद उसने खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और प्रेमिका को बुलाकर शादी कराने की मांग करने लगा।
जानकारी के अनुसार, अहरक पुरबपुर गांव निवासी 21 वर्षीय सौरभ सरोज पेंटिंग का काम करता है। युवक का दावा है कि वह पड़ोसी गांव की एक युवती से पिछले पांच वर्षों से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है। लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।
गुरुवार शाम युवक की अपनी प्रेमिका से फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान युवती ने बताया कि उसके परिजन शादी के लिए राजी नहीं हैं। यह सुनकर सौरभ घर से निकल पड़ा और प्रेमिका के गांव के पास पहुंच गया। गांव से कुछ दूरी पहले स्थित बिजली के टावर पर वह चढ़ गया।
टावर पर पहुंचने के बाद उसने डायल 112 पर फोन कर बताया कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
इसके बाद हरहुआ पुलिस चौकी से चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी, एसआई केके वर्मा तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक युवक से बातचीत कर उसे समझाया। आखिरकार पुलिस की समझाइश रंग लाई और सौरभ सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

No comments