• Breaking News

    राहुल गांधी से जुड़े मामले में सुनवाई फिर टली, अब 12 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

    वाराणसी :-
    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दायर एक प्रार्थना पत्र पर गुरुवार को होने वाली सुनवाई स्थगित कर दी गई। मामला अमेरिका के बोस्टन स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में दिए गए उनके कथित बयान से जुड़ा है। पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर रहने के कारण अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) / एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है।

    यह प्रार्थना पत्र अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने 12 मई 2025 को अदालत में दाखिल किया था। याचिका में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने 21 अप्रैल 2025 को अमेरिका के बोस्टन में ब्राउन यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के संबंध में ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। याचिकाकर्ता का कहना है कि उन्होंने भगवान राम के अस्तित्व और उनसे जुड़ी मान्यताओं पर सवाल उठाए तथा राम मंदिर को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की।

    इस मामले में निचली अदालत ने 27 मई 2025 को प्रार्थना पत्र को पोषणीय न मानते हुए खारिज कर दिया था। इसके बाद याचिकाकर्ता ने सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण याचिका दायर की। सुनवाई के बाद सत्र न्यायालय ने निचली अदालत के आदेश को निरस्त करते हुए मामले पर दोबारा सुनवाई करने का निर्देश दिया।

    इसी क्रम में 9 जुलाई को राहुल गांधी की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने वकालतनामा दाखिल कर जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा था। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी, लेकिन न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अब मामले की सुनवाई 12 अगस्त को होगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad