• Breaking News

    शिवसेना ने मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, ज्ञानवापी परिसर में सावन के दौरान नमाज पर रोक की मांग

    वाराणसी :-
    सावन माह के मद्देनज़र ज्ञानवापी परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर शिवसेना ने शुक्रवार को मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कई मांगें रखीं। संगठन ने परिसर में धार्मिक व्यवस्थाओं में बदलाव और पारंपरिक पूजा-पाठ की सुविधाएं बहाल करने का आग्रह किया।

    शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि सावन के दौरान ज्ञानवापी परिसर में विशेष धार्मिक व्यवस्थाएं लागू की जाएं। संगठन ने परिसर में नमाज पर रोक लगाने की मांग करते हुए श्री आदि विश्वेश्वरनाथ मंदिर से जुड़ी परंपराओं के अनुरूप जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और मां श्रृंगार गौरी के नियमित दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

    शिवसेना के राज्य उप प्रमुख एवं वाराणसी मंडल प्रभारी अजय चौबे ने कहा कि संगठन का मानना है कि परिसर में सनातन परंपराओं के अनुरूप धार्मिक गतिविधियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लेने की अपील की।

    राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाब दुबे ने कहा कि यह मांग पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया के तहत प्रशासन के समक्ष रखी गई है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में सकारात्मक पहल नहीं होती है तो संगठन उत्तर प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाएगा।

    ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रमुख अजय सिंह, महानगर प्रमुख सतीश शर्मा, महानगर उप प्रमुख प्रदीप पांडेय, राजेश शर्मा, विनोद यादव, अनीश सिंह, राजेश भारती, सोनू सेठ, दिलीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस ज्ञापन और उसमें उठाई गई मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad