• Breaking News

    कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई: महिलाओं को परेशान कर रहे 2 युवक गिरफ्तार, 8 को सख्त हिदायत

    वाराणसी :-
    महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और अशोभनीय हरकत करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

    पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची एंटी रोमियो टीम ने निगरानी के बाद कार्रवाई करते हुए वाराणसी निवासी अवनीश पांडेय और मिर्जापुर निवासी संदीप कुमार यादव को हिरासत में लिया।

    दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई तथा लिखित माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।

    पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अभद्रता या छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad