• Breaking News

    वाराणसी में सीएम योगी के समर्थन में लगा पोस्टर, लिखा— 'तीन बार चाय वाले आए, 2027 में फिर आएंगे गाय वाले'


    वाराणसी :-
    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। उनके आगमन से पहले शहर के सुसुवाही, सर्किट हाउस समेत कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टर राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गए हैं। पोस्टरों में मिशन 2027 को लेकर संदेश देते हुए योगी आदित्यनाथ को लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की गई है।

    पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ बुलडोजर का चित्र भी शामिल किया गया है। उस पर "अपराधियों को मिट्टी में मिलाएंगे" जैसे नारे लिखे गए हैं। इसके अलावा पोस्टर में योगी आदित्यनाथ को बहु-भुजाओं वाले रूप में दर्शाते हुए उनके हाथों में भगवद्गीता, जीरो टॉलरेंस, बहन-बेटियों की सुरक्षा, 24×7 सुरक्षा जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए हैं।

    पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) में मिली जीत का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही एक राजनीतिक नारा लिखा गया है— "तीन बार आए चाय वाले, 2027 में फिर आएंगे गाय वाले।" पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी के हाथ में केतली और चाय का प्रतीकात्मक चित्र भी दर्शाया गया है। हालांकि पोस्टर के निचले हिस्से में लिखे वर्ष को लेकर भी चर्चा रही, जिसे मिशन 2027 से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।

    यह पोस्टर भाजपा नेता दीपक सिंह राजवीर की ओर से लगवाया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश की जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है तथा महिलाओं और गौवंश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। उनका दावा है कि प्रदेश की जनता योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को समर्थन मिलेगा।
    उल्लेखनीय है कि इससे पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनके समर्थकों ने भी धार्मिक प्रतीकों के साथ पोस्टर जारी किए थे, जिन्हें लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने वाराणसी में मिशन 2027 को लेकर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad