वाराणसी: शिवपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला की बस की चपेट में आने से मौत
- जौनपुर जा रही तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, चालक बस छोड़कर फरार
- शिवपुर के शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका के सामने हुआ हादसा
- अशोक विहार कॉलोनी निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रही महिला सड़क पार कर रही थीं, तभी वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं आकांक्षा
जानकारी के अनुसार, अशोक विहार कॉलोनी निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव (पत्नी राहुल श्रीवास्तव) मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अपने बेटे को संत अतुलानंद स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका (रोटी ढाबा) के सामने सड़क पार करते समय वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बस छोड़कर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ को देखकर बस चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।

No comments