• Breaking News

    सावन में नगर निगम की सख्ती जारी: नई सड़क और लल्लापुरा में खुले मिले मीट-मछली के प्रतिष्ठान, 20 हजार का जुर्माना

    नई सड़क के फारुख अहमद पर लगाया 10 हजार का जुर्माना
    वाराणसी :- सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम ने दूसरे दिन भी विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को नई सड़क और लल्लापुरा क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते हुए मीट-मछली की दुकानें संचालित मिलने पर नगर निगम ने कुल 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।

    नई सड़क पर कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

    निरीक्षण के दौरान नगर निगम की टीम जब नई सड़क पहुंची तो एक दुकानदार दुकान बंद कर वहां से हट गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर टीम ने उसे बुलाया, लेकिन उसने दुकान की चाबी किसी अन्य व्यक्ति के पास होने की बात कही। अधिकारियों ने दुकान खुलवाकर जांच की और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर 10,000 रुपये का चालान कर दिया। इस दौरान दुकानदार और अधिकारियों के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई।
    लल्लापुरा में भी नगर निगम की टीम ने छापेमारी कर वसूला जुर्माना
    नगर आयुक्त के निर्देश पर चला अभियान

    नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकांश मांस और मछली की दुकानें बंद मिलीं, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।

    पूरे सावन जारी रहेगा अभियान

    डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि सावन माह और कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक यह विशेष अभियान लगातार चलता रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति निर्धारित प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध और अधिक कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    दो दिनों में 44,500 रुपये का जुर्माना

    नगर निगम ने सावन के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग और नगर निगम सीमा में खुलेआम मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाई है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पहले दिन 24,500 रुपये और दूसरे दिन 20,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह दो दिनों में नगर निगम 44,500 रुपये का जुर्माना वसूल चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान पूरे सावन माह तक जारी रहेगा।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad