• Breaking News

    वाराणसी में 4 अगस्त को निकलेगा हज़रत इमाम हुसैन का चेहलुम जुलूस, मशहूर ज़ाकिर नैय्यर जलालपुरी करेंगे ख़िताब

    वाराणसी :-
    हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) के चेहलुम के अवसर पर अंजुमन इमामिया की ओर से 20 सफ़र, मंगलवार 4 अगस्त को अर्दली बाज़ार क्षेत्र से पारंपरिक चेहलुम जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस दोपहर 12 बजे उल्फ़त बीबी हाता स्थित मास्टर ज़हीर हुसैन के इमामबाड़े से प्रारंभ होगा और अपने निर्धारित पारंपरिक मार्ग से होकर पुनः वहीं संपन्न होगा।

    अंजुमन इमामिया के पदाधिकारी हसन मेहदी कब्बन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत तफ़सीर जौनपुरी की सोज़ख़्वानी से होगी, जबकि पेशख़्वानी मुर्तज़ा नक़वी और अदनान हुसैन करेंगे। इसके बाद आयोजित मजलिस को मौलाना ज़हीर अब्बास संबोधित करेंगे।

    मजलिस के उपरांत चेहलुम का जुलूस रवाना होगा, जिसमें अलम, ताबूत, दुलदुल, झूला और ऊंट सहित पारंपरिक धार्मिक प्रतीक शामिल रहेंगे। जुलूस उल्फ़त बीबी हाता, अर्दली बाज़ार, तार गली और डिठोरी महाल से होकर पुनः प्रारंभिक स्थल पर पहुंचेगा।

    जुलूस के दौरान उल्फ़त बीबी हाता के मुख्य द्वार पर विश्व विख्यात ज़ाकिर-ए-अहलेबैत डॉ. अब्बास रज़ा 'नैय्यर जलालपुरी' (लखनऊ) विशेष तकरीर (ख़िताब) करेंगे। उनके संबोधन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना है।

    जुलूस में शहर की विभिन्न अंजुमनें—अंजुमन हुसैनिया, अंजुमन पैगाम-ए-हुसैनी, अंजुमन अंसार-ए-हुसैनी तथा अंजुमन गुलामाने मुस्तफ़ा अहले सुन्नत (शकुराबाद, चंदौली)—नौहाख़्वानी, मातम और सीनाज़नी के साथ शामिल होंगी। कार्यक्रम का संचालन मौलाना सैयद बाकिर रज़ा बालियाबी करेंगे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad