• Breaking News

    दालमंडी चौड़ीकरण में लंगड़ा हाफिज मस्जिद की दुकानों का ध्वस्तीकरण शुरू, 24 दुकानें होंगी प्रभावित

    दालमंडी प्रोजेक्ट के तहत छठवीं मस्जिद पर कार्रवाई, प्रशासन और मस्जिद कमेटी में बनी सहमति...

    वाराणसी :- दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार को नई सड़क स्थित लंगड़ा हाफिज मस्जिद के चिह्नित हिस्से में बनी दुकानों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। यह कार्रवाई मस्जिद प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन के बीच बनी सहमति के तहत की जा रही है। पहले चरण में मस्जिद परिसर के नीचे स्थित दुकानों का ध्वस्तीकरण मजदूरों की मदद से किया जा रहा है। कार्रवाई से पहले सभी प्रभावित दुकानों को खाली करा लिया गया था।
    सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई सड़क से दालमंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ड्रोन कैमरों से निगरानी और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणाएं की जाती रहीं। फिलहाल किसी भी प्रकार की भारी मशीन या बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
    दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत कुल 187 भवन अधिग्रहण की जद में हैं, जिनमें छह मस्जिदें भी शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुसार अधिकांश भवनों का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और 181 निजी भवनों में से 140 भवनों का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष भवनों पर कार्य जारी है।

    1700 वर्ग फीट भूमि होगी अधिग्रहित

    परियोजना के तहत लंगड़ा हाफिज मस्जिद की लगभग 1700 वर्ग फीट भूमि सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की जा रही है। इसके चलते मस्जिद परिसर में संचालित करीब 24 दुकानें प्रभावित होंगी। मस्जिद भवन के लगभग 15 से 18 फीट हिस्से का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके एवज में पीडब्ल्यूडी द्वारा मस्जिद प्रबंधन समिति को करीब ₹1.25 करोड़ का मुआवजा दिया गया है। इसी कारण मस्जिद समिति स्वयं अपनी निगरानी में चरणबद्ध तरीके से ध्वस्तीकरण का कार्य करा रही है।

    प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की तैयारी

    मस्जिद प्रबंधन समिति ने प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की दिशा में भी पहल की है। परिसर के पूर्वी हिस्से में नई दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। समिति के अनुसार निर्माण पूरा होने के बाद सभी प्रभावित व्यापारियों को नई दुकानों में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि उनके व्यापार और आजीविका पर कम से कम असर पड़े।

    पहले भी पांच मस्जिदें दे चुकी हैं सहयोग

    दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना में लंगड़ा हाफिज मस्जिद पहली धार्मिक संस्था नहीं है, जिसने प्रशासन के साथ सहमति बनाकर सहयोग किया हो। इससे पहले करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, संगमरमर मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद की प्रबंधन समितियां भी सड़क की जद में आए हिस्सों को स्वयं हटाकर नवीनीकरण का कार्य करा चुकी हैं।
    प्रशासन का कहना है कि परियोजना से प्रभावित धार्मिक स्थलों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ आपसी सहमति बनाकर कार्य कराया जा रहा है, ताकि सड़क चौड़ीकरण का काम बिना किसी विवाद के समय पर पूरा किया जा सके।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad