• Breaking News

    '27 में अखिलेश, '29 में डिंपल'... सपा मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टरों से गरमाई सियासत, BJP पर साधा निशाना

    लखनऊ :- उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वॉर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। राजधानी लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्यालय के बाहर लगाए गए नए पोस्टरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इन पोस्टरों में एक ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चंदा और आरक्षण को लेकर तीखे तंज कसे गए हैं, वहीं दूसरी ओर भविष्य के चुनावी समीकरणों को लेकर भी बड़े राजनीतिक संदेश दिए गए हैं।

    पोस्टरों में BJP पर तीखे आरोप

    सपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए चंदा और आरक्षण के मुद्दे उठाए गए हैं। एक पोस्टर में लिखा गया है कि "चंदा चोरी से चला जिनका घर, अब आरक्षण पर कर रहे हैं प्रश्न"। वहीं दूसरे पोस्टर में लिखा है, "चंदा चोरी से जिनका नहीं भरा मन, अब आरक्षण पर कर रहे हैं मनमाना।" इन नारों के जरिए सपा ने आरक्षण और भ्रष्टाचार के मुद्दे को जोड़ते हुए सत्ता पक्ष पर हमला बोला है।

    '27 में अखिलेश, '29 में डिंपल' का चुनावी संदेश

    सबसे ज्यादा चर्चा उस पोस्टर की हो रही है, जिसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की तस्वीरों के साथ नारा लिखा गया है— "27 में अखिलेश का राज, 29 में डिंपल का ताज।" इसे आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और उसके बाद की राष्ट्रीय राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

    सपा नेता ने लगाए पोस्टर

    जानकारी के अनुसार, ये सभी पोस्टर प्रतापगढ़ के समाजवादी पार्टी नेता और समाजवादी सेवक हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से लगाए गए हैं। पोस्टरों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने विपक्षी राजनीति को धार देने और संगठन का संदेश देने की कोशिश की है।

    पहले भी चर्चा में रहे हैं सपा के पोस्टर

    यह पहली बार नहीं है जब सपा मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टरों ने राजनीतिक बहस छेड़ी हो। इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी यहां एक बड़ा पोस्टर लगाया गया था, जिसमें इसे छात्रों के आंदोलन और जनशक्ति की जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल छात्रों, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया गया था। उस पोस्टर में भी अखिलेश यादव और डिंपल यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए जनहित और युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया गया था।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad