क्राइम ब्रांच बनकर पहुंचे बदमाश, 27 किलो चांदी लेकर हुए फरार; वाराणसी में 60 लाख की सनसनीखेज लूट
वाराणसी :- शहर के चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात शातिर बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर सर्राफा कारोबारियों के कर्मचारियों से करीब 27 किलोग्राम चांदी से भरा बैग लूट लिया। लूटी गई चांदी की कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरा निवासी शशि वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स और सुड़िया क्षेत्र में विनय सोनी की हेमा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दोनों कारोबारियों के बीच अक्सर सोने-चांदी का लेनदेन होता है।
गुरुवार शाम शशि वर्मा का कर्मचारी उमाकांत विनय सोनी की दुकान से 27 किलो चांदी लेकर लौट रहा था। उसके साथ विनय का कर्मचारी आर्यन भी मौजूद था। दोनों जैसे ही राजा दरवाजा मोड़ के पास पहुंचे, तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
'हम क्राइम ब्रांच से हैं, बैग की जांच होगी'
आरोपियों ने कर्मचारियों से कहा कि वे मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं और बैग की जांच करनी होगी। कर्मचारियों ने बताया कि बैग में केवल चांदी है, लेकिन बदमाश नहीं माने और मालिक को बुलाने की बात कहने लगे।
इसी दौरान आर्यन अपने मालिक को बुलाने चला गया। मौका मिलते ही तीनों आरोपियों ने उमाकांत के हाथ से चांदी से भरा बैग छीना और ठठेरी बाजार की ओर भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें तीनों संदिग्ध बैग लेकर पैदल जाते दिखाई दिए हैं।
दो टीमें आरोपियों की तलाश में
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

No comments