• Breaking News

    वाराणसी: रिंग रोड पर खड़े ट्रक से भिड़ी डीसीएम, केबिन में फंसे चालक की मौत

    वाराणसी (मिर्जामुराद) :-
    वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के रिंग रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी, जिससे चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

    जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे मेहंदीगंज गांव के पास रिंग रोड पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र के कोदोपुर कला गांव निवासी रामअचल प्रजापति (44) मुंबई के भीमंडी से इलेक्ट्रिक सामान लादकर डीसीएम से गुवाहाटी जा रहे थे। रास्ते में घर पड़ने के कारण उन्होंने परिजनों से मिलने के लिए रिंग रोड से चौबेपुर जाने का फैसला किया था।

    बताया जा रहा है कि मिर्जामुराद के रखौना क्षेत्र के पास चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

    सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को केबिन से बाहर निकाला गया। जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

    मृतक रामअचल प्रजापति अपने परिवार के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

    प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad