वाराणसी : 27 किलो चांदी गायब, पुलिस की सुस्ती पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा
27 किलो से अधिक चांदी की टप्पेबाजी का खुलासा न होने पर भड़के सर्राफा व्यापारी, चौक थाने का किया घेराव...
वाराणसी :- चौक थाना क्षेत्र में 27 किलो 327 ग्राम शुद्ध चांदी की टप्पेबाजी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से सर्राफा कारोबारियों में भारी नाराजगी है। घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिलने पर सोमवार को व्यापारियों ने चौक थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई की मांग की।बताया जा रहा है कि 16 जुलाई को एक सर्राफा कारोबारी अपनी एक दुकान से दूसरी दुकान पर 27 किलो 327 ग्राम शुद्ध चांदी लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में टप्पेबाज चांदी लेकर फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक न तो पूरी बरामदगी हो सकी है और न ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।घटना को लेकर अग्रवाल भवन में वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया और सर्वसम्मति से पुलिस पर दबाव बनाने का निर्णय लिया। इसके बाद एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ समेत सैकड़ों व्यापारी पैदल मार्च करते हुए चौक थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी।
व्यापारियों का कहना है कि शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त सर्राफा बाजार में दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि पुलिस लगातार आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन व्यापारी पूरी बरामदगी और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले संतुष्ट नहीं हैं।
सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को 48 से 72 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर चांदी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वाराणसी के सर्राफा बाजार बंद कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतरेंगे और प्रशासन के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

No comments