• Breaking News

    काशी विश्वनाथ धाम में महिला कांवड़ियों के लिए अलग व्यवस्था, सुरक्षित ठहराव और फीडिंग की सुविधा

    सावन में महिला कांवड़ियों पर खास फोकस: काशी में अलग विश्राम स्थल, फीडिंग रूम और अमानती घर की सुविधा

    वाराणसी :- बाबा विश्वनाथ के पवित्र श्रावण मास में इस बार काशी आने वाली महिला कांवड़ियों के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। सावन के दौरान देशभर से करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इनमें बड़ी संख्या में महिला कांवड़ यात्री भी शामिल होंगी। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अलग ठहरने की व्यवस्था, फीडिंग रूम और अमानती घर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावण मास के लिए नगर निगम ने शहर में 12 नि:शुल्क कांवड़ शिविर और 3 अमानती घर तैयार करने की योजना बनाई है। महिला श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक शिविर में अलग विश्राम कक्ष, शौचालय और शिशुओं को दूध पिलाने के लिए विशेष स्थान की व्यवस्था रहेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त शिविर भी बनाए जाएंगे।

    हर शिविर में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

    नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सभी शिविरों में पेयजल, बिजली, पंखे, कूलर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, गद्दे, चादर, तकिए, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सुथरे शौचालय और केयरटेकर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा जलकल, स्वास्थ्य, बिजली और अभियंत्रण विभाग की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी, जो किसी भी शिकायत का तत्काल समाधान करेगी।

    इन स्थानों पर बनाए जा रहे हैं शिविर

    कांवड़ शिविर जेपी मेहता इंटर कॉलेज, टाउन हॉल, सनबीम स्कूल (वरुणा), गिलट बाजार, चितरंजन पार्क, रथयात्रा चौराहा और अष्टभुजा मंदिर के आसपास स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षित रख-रखाव के लिए चितरंजन पार्क, गोदौलिया चौराहा और चौक थाना परिसर में अमानती घर बनाए जा रहे हैं।

    प्रशासन का कहना है कि सभी शिविर और अमानती घर पूरी तरह नि:शुल्क होंगे, ताकि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सावन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad