• Breaking News

    वाराणसी: एटीएम में लोहे की प्लेट लगाकर ठगी करने वाला छह सदस्यीय गैंग गिरफ्तार, ₹39,800 नकद और उपकरण बरामद

    वाराणसी :-
    भेलूपुर थाना पुलिस ने एटीएम में तकनीकी तरीके से ठगी कर ग्राहकों के रुपये हड़पने वाले छह सदस्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹39,800 नकद, चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप और एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल एटीएम में छेड़छाड़ कर वारदात को अंजाम देने में किया जाता था।
    पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीएचयू कॉलोनी स्थित बैजनत्था बिरदोपुर क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के सभी सदस्यों को दबोच लिया।
    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु सिंह, आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी फतेहपुर जनपद के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

    पुलिस के मुताबिक, एटीएम मशीन में लोहे की प्लेट लगाकर ग्राहकों के रुपये फंसाने और बाद में उन्हें निकालकर ठगी करने की शिकायत मिलने पर भेलूपुर थाने में मुकदमा संख्या 0447/2026 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का सदस्य प्रिंस कुमार पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में नामजद रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में फतेहपुर जिले के मलवां थाने में मुकदमा दर्ज है।

    फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने वाराणसी समेत अन्य जिलों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad