• Breaking News

    ऑपरेशन 'साइ-वज्र' में बड़ी सफलता: फर्जी बैंक खाते खोलकर साइबर ठगों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

    वाराणसी :-
    उत्तर प्रदेश में साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन साइ-वज्र' के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिगरा थाना पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है, जो फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों के हाथों बेचता था।
    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह की कथित महिला मास्टरमाइंड, बैंक किट की डिलीवरी में मदद करने वाले एक पोस्टमैन समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा खुलवाए गए बैंक खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में 21 साइबर ठगी की वारदातों में किया गया, जिनके जरिए करीब 76.44 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।

    यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में, डीसीपी अपराध नीतू काद्यान, एडीसीपी गोमती जोन एवं साइबर नोडल अधिकारी नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण तथा एसीपी चेतगंज के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम ने 26 जुलाई को महमूरगंज स्थित ओम पब्लिक स्कूल तिराहे के पास घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी बैंक खाते तैयार कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का संगठित नेटवर्क चला रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad