• Breaking News

    राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में वाराणसी के निशानेबाजों का जलवा, जीते 46 पदक

    वाराणसी :-
     उत्तर प्रदेश राज्य राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में वाराणसी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 46 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 12 रजत और 12 कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में वाराणसी को 12 स्वर्ण, 7 रजत और 8 कांस्य, जबकि टीम स्पर्धाओं में 10 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक हासिल हुए।

    राइफल स्पर्धा में खिलाड़ियों का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। व्यक्तिगत वर्ग में 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य, जबकि टीम वर्ग में 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक मिले। पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत वर्ग में 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य, जबकि टीम वर्ग में 3 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक जीते गए। एयर राइफल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य, जबकि एयर पिस्टल स्पर्धा में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किया।

    इन खिलाड़ियों ने दिलाया गौरव

    पुरुष वर्ग की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में शशांक त्रिपाठी ने स्वर्ण और सूर्यदीप सिंह ने कांस्य पदक जीता। टीम स्पर्धा में आकाशदीप सिंह, शशांक त्रिपाठी और सूर्यदीप सिंह की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि टीम-बी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

    जूनियर वर्ग में वंश यादव ने स्वर्ण पदक जीता। विशाल यादव, अंश सिंह और हिमांशु वर्मा की टीम ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया। 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर वर्ग में हिमांशु वर्मा ने रजत और विशाल यादव ने कांस्य पदक जीता। इसी स्पर्धा की टीम प्रतियोगिता में विशाल यादव, हिमांशु वर्मा और अंश सिंह की टीम स्वर्ण पदक विजेता रही।

    50 मीटर राइफल प्रोन यूथ वर्ग में तक्ष सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। एनआर यूथ वर्ग में आदित्य विक्रम सिंह ने रजत और आरव प्रताप सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। आदित्य श्रीवास्तव, आदित्य विक्रम सिंह और सूर्य प्रताप सिंह की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एनआर यूथ वर्ग में आदित्य श्रीवास्तव को रजत और आदित्य विक्रम सिंह को कांस्य पदक मिला। टीम स्पर्धा में भी वाराणसी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

    महिला वर्ग में 50 मीटर प्रोन मास्टर स्पर्धा में डॉ. अनीता सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर प्रोन सीनियर महिला वर्ग में अनुष्का केशरी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 50 मीटर प्रोन जूनियर महिला वर्ग में अनुष्का केशरी और युक्तिशा सिंह ने रजत पदक जीता। 50 मीटर प्रोन एनआर महिला टीम में अंशु पांडेय, शताक्षी सेठ और सपना कुमारी विश्वकर्मा ने रजत पदक हासिल किया।

    50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एनआर महिला टीम स्पर्धा में प्रियदर्शी गौतम, अंशु पांडेय और शताक्षी सेठ की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर वाराणसी का नाम रोशन किया। वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन सीनियर महिला वर्ग में अनुष्का केशरी ने रजत पदक अपने नाम किया।

    शॉटगन स्पर्धा के डबल ट्रैप पुरुष वर्ग की टीम प्रतियोगिता में शशांक त्रिपाठी, अभिषेक राय और अर्जुन सिंह की टीम ने कांस्य पदक जीतकर वाराणसी की झोली में एक और पदक जोड़ा।

    उत्तर प्रदेश राइफल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप मधोक, क्रीड़ा भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष एवं यूपीएसआरए एथलीट कमेटी के सदस्य पंकज श्रीवास्तव तथा यूपीएसआरए एथलीट कमेटी के सदस्य अजीत सिंह ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शूटिंग अकादमियों को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। साथ ही आगामी प्री-नेशनल और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad